प्रयागराज। चाका के पूर्व ब्लाक प्रमुख दिलीप मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दिलीप मिश्रा के खिलाफ औद्योगिक थाना में पुलिस पर जानलेवा हमला करने, आम्र्स एक्ट, व ठगी के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि पूर्व ब्लाक प्रमुख दिलीप मिश्रा ने दो लोगों को जान से मारने के लिए सुपारी दी थी।
कत्ल के लिए नीरज सिंह को पूर्व ब्लाक प्रमुख के बेटे ने शरण दे रखी थी। इससे पहले पुलिस ने पूर्व ब्लाक प्रमुख के बेटे शुभम और खान मुबारक गैंग का शूटर व एक लाख का इनामी नीरज सिंह उर्फ अखंड को बुधवार को गिरफ्तार किया था।
वर्ष 2010 में बहादुरगंज में तत्कालीन बसपा सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर रिमोट बम से जानलेवा हमले की घटना में दिलीप मिश्रा की भूमिका जांच में सामने आई थी।
वह लंबे समय तक जेल में रहा है। लवायन कला गांव निवासी दिलीप मिश्रा चाका का ब्लाक प्रमुख रहा है तो पत्नी ग्राम प्रधान है। गांव में ही माया देवी ग्रुप ऑफ कॉलेज भी खोला है। जिसका प्रबंधक उसका बेटा शुभम है।
दिलीप मिश्रा के खिलाफ मौजूदा समय में हत्या, अपहरण, गैंगस्टर समेत 47 मुकदमे दर्ज हैं। कुछ मुकदमों में उसे बरी भी किया जा चुका है।