राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में कुलपति ने किया ऑनलाइन प्रवेश का शुभारंभ

प्रयागराज ( अनुराग शुक्ला ) उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज सत्र जुलाई 2020-21 की ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया का शुभारंभ बृहस्पतिवार को प्रवेश अनुभाग में कुलपति प्रोफेसर कामेश्वर नाथ सिंह ने किया।

प्रोफेसर सिंह ने विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध प्रवेश पोर्टल को सत्र जुलाई 2020-21 के लिए लांच किया। कोविड-19 विश्वव्यापी कोरोना महामारी के कारण प्रदेश के सभी 12 क्षेत्रीय केंद्रों प्रयागराज,वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, झांसी, कानपुर, आगरा, मेरठ, आजमगढ़, लखनऊ, बरेली, तथा नोएडा केंद्र पर ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया एक साथ प्रारंभ हुई।


मुख्यालय पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करते हुए कुलपति प्रोफ़ेसर सिंह ने ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के महत्व को शिक्षार्थियों के लिए कोविड काल में लाभदायक बताया। ।

उन्होंने कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय के प्रदेश भर में फैले 1088 अध्ययन केंद्रों पर आज से प्रवेश प्रारंभ हो गया है। प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी घर बैठे लगभग 105 कार्यक्रमों में अपने मनपसंद कार्यक्रम में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि एमसीए और एमबीए की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का कार्यक्रम पहले ही जारी किया जा चुका है । साथ ही बी एड एवं बी एड विशिष्ट शिक्षा की प्रवेश परीक्षा हेतु शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 12 जून तक विस्तारित की जा चुकी है।


ज्ञातव्य है कि विश्वविद्यालय ने नए सत्र से बीए, बीएससी, बीकॉम, एम ए, एमएससी, एमकॉम, पत्रकारिता एवं जनसंचार, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान, योग, बीसीए, वेब टेक्नोलॉजी, डेयरी उद्योग, पंचायती राज, अंत्योदय, एकात्म मानववाद, प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी, जैविक खेती, बागवानी, फॉरेंसिक साइंस तथा कोविड-19 आदि कार्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।


कुलपति प्रोफेसर सिंह ने कहा कि शिक्षार्थियों की सहायता के लिए आईसीटी सेल को और प्रभावी बनाया जाएगा। जिससे प्रदेश के सभी छात्रों को ऑनलाइन सहायता तुरंत उपलब्ध हो सके।


इस अवसर पर कुलसचिव डॉ अरुण कुमार गुप्ता, प्रवेश प्रभारी प्रो आरपीएस यादव, परीक्षा नियंत्रक श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, डॉ वीके गुप्ता, डॉ ज्ञान प्रकाश यादव, डॉ दिनेश सिंह तथा डॉ प्रभात चंद्र मिश्र आदि उपस्थित रहे।

Exit mobile version