पांच नए मामले, स्वस्थ्य होने के बाद पांच डिस्चार्ज

प्रयागराज। जिले में पांच नए कोरोना संक्रमित मामले मिले हैं जबकि पहले से भर्ती पांच कोरोना पॉजिटिव मरीजों को स्वस्थ्य होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

एक साथ शहर के तीन लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने से तेजी से फैल रहे संक्रमण को लेकर शहरियों की चिंता बढ़ गई है। इन संक्रमित लोगों में दो नए मरीज हैं। बाकी तीन लोगों को अपने परिवार या फिर करीबियों से संक्रमण मिला है।


कोविड 19 के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि नखास कोहना में कोरोना संक्रमित मिले नर्सिंग होम संचालक डॉक्टर का एक करीबी कोरोना पॉजिटिव मिला है।

चौक स्थित केसर विद्या पीठ निवासी 55 वर्षीय अधेड़ अस्पताल संचालक के नजदीकी रहे हैं। उन्हीं से इनमें भी संक्रमण पहुंचा। दो दिन पहले खुल्दाबाद की कोरोना संक्रमित मिली गर्भवती का 23 वर्षीय भाई भी पॉजिटिव आया है। वह पुराना कटरा में रहता है।


हिम्मतगंज की 55 वर्षीय महिला मूलत: वह फतेहपुर की है, लेकिन पिछले दो-तीन माह से महिला यहीं रह रही है। उसे गॉल ब्लैडर में स्टोन की भी शिकायत है। वह अपना इलाज कराने नाजरेथ अस्पताल गई थी। हालत गंभीर होने पर एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया।

वहां उसकी कोरोना जांच कराई गई। शनिवार को आई रिपोर्ट में उसे कोरोना संक्रमित पाया गया। गोहट्टी गली बरौत की 34 वर्षीय महिला शुक्रवार को पॉजिटिव आए सगे भाई-बहन की मां है। पूरा परिवार मुंबई से लौटा था। पिता की जांच भी कराई जा रही है।

वहीं, पांचवे मरीज के रूप में मेजा के कोहड़ार घाट स्थित हरदिसा गांव का 29 वर्षीय युवक है। दो जून को वह साथियों के साथ नोएडा से लौटा था। उसे कालिंदीपुरम में क्वारंटीन किया गया था।

जिले में बने चार नये हॉट स्पाट

प्रयागराज। शनिवार को पांच नए कोरोना संक्रमितों के मिलने के बाद चार नए इलाके हॉट स्पॉट बनाए गए। इनमें तीन शहरी इलाके हैं। जिले में कुल हॉट स्पॉट की संख्या अब 57 हो गई है।

पहला हॉट स्पॉट इलाका पुराना कटरा बना है। यहां से युवक संक्रमित पाया गया है। उसे अपनी विवाहित बहन से संक्रमण मिला है। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। दूसरा हॉट स्पॉट इलाका केसर विद्या पीठ चौक को बनाया गया है।

इस इलाके से भी 55 वर्षीय अधेड़ कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। तीसरा हॉट स्पॉट इलाका हिम्मतगंज और चौथा हॉट स्पॉट क्षेत्र मेजा का कोड़ार घाट का हरदिसा गांव है। सभी को पूरी तरह सील कर दिया गया है। इन इलाके के लोगों को घरों में ही रहना होगा। वह बाहर नहीं निकल सकते हैं। कनटेनमेंट जोन घोषित करने के बाद अब वहां टीम लगाकर स्वास्थ्य सर्वे किया जाएगा।

Exit mobile version