विश्वविद्यालय कराएगी अंतिम वर्ष की परीक्षाएं, वार्षिक और सेमेस्टर परीक्षा कार्यक्रम जल्द होगा जारी

प्रयागराज। लॉकडाउन के कारण लटकी इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों में स्नातक (यूजी) एवं परास्नातक (पीजी) की परीक्षा की तैयारियां आरंभ हो गई हैं। इविवि प्रशासन वार्षिक और सेमेस्टर परीक्षा कार्यक्रम जल्द जारी कर सकता है।

इस बार यूजी व पीजी के अंतिम वर्ष की परीक्षा पहले कराने की तैयारी है क्योंकि अंतिम वर्ष के छात्रों को अन्य संस्थानों में दाखिला या प्रतियोगी परीक्षाएं भी देनी होती हैं।
यूजीसी द्वारा जारी गाइडलाइंस में कहा गया है कि छात्र-छात्राओं को परेशानी न हो इसलिए पहले यूजी और पीजी अंतिम वर्ष की वार्षिक और सेमेस्टर परीक्षाओं का आयोजन कराया जाए।

साथ ही मूल्यांकन कार्य कराकर परीक्षा परिणाम जारी कर दिया जाए। इसके बाद यूजी के द्वितीय और प्रथम वर्ष की परीक्षाएं कराई जाएं। इविवि की परीक्षा समिति भी पहले अंतिम वर्ष की परीक्षाएं कराने पर विचार कर रही है। इसके लिए गठित समिति प्रस्ताव बनाकर कुलपति प्रो. आरआर तिवारी के समक्ष रखेगी। इविवि परीक्षा नियंत्रक प्रो. रमेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा कराने के लिए गठित की गई कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

Exit mobile version