प्रयागराज। कई जिलों के किन्नरों की बैठक किन्नर अखाड़ा प्रयागराज की महामण्डलेश्वर स्वामी कौशल्या नंद गिरि (टीना मां) के बैरहना स्थित आवास पर सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए रविवार को हुई।
इसमें सभी किन्नरों ने छोटी बेगम उर्फ छोटिया का सर्व सम्मति से किन्नर समाज में हुक्का- पानी बंद करने का निर्णय लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि जिस किन्नर का जो इलाका होता है वह अपने गुरू से मिले इलाके में जीवन यापन के लिये बधाई वसूलता है लेकिन छोटी बेगम उर्फ छोटिया ने सबसे सीधी और शांत स्वभाव की नंदनी किन्नर को आठ वर्ष से परेशान कर दिया है।
नंदनी के इलाके पर कब्जा करके आये दिन जान से मारने की धमकी, हमला करना और मारपीट करती रहती है।तीन माह पहले अतरसुइया थाना और पिछले हफ्ते राजरूपपुर इलाके में नंदनी पर जानलेवा हमला किया था। इससे नंदनी को गंभीर चोटे आयी थी।
किन्नर समाज के लोगों और पुलिस अधिकारियों के बार – बार समझाने पर भी छोटिया सुधर नही रही है। वह नंदनी सहित अन्य किन्नरों को फोन पर जान से मारने की धमकी और साजिश में फंसाने की धमकी मोबाइल फोन पर देती है। इससे प्रयागराज के किन्नर परेशान है। ऐसे में किन्नर समाज छोटिया के सुधरने तक उसका हुक्का-पानी बंद रखेगा। बैठक में किन्नर अखाड़ा प्रयागराज की महामण्डलेश्वर स्वामी कौशल्या नंद गिरि (टीना मां), बबली, दीपा, बब्बू गुरू, उर्मिला गुरू, मुस्कान भरवारी कौशिम्बी, सोनी हंडिया, पारो फूलपुर सहित अन्य बड़ी संख्या में किन्नर शामिल हुए।