
प्रयागराज। जिले में रविवार को कोरोना पाजिटिव दो नए मरीज सामने आए जबकि इलाजरत एक दूसरे कोरोना संक्रमित की मौत हो गयी। कोरोना की वजह से प्रयागराज में यह चौथी मौत है। हंडिया के पतवा निवासी यह अधेड़ हाल ही में मुंबई से लौटा था।
कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद उसे तीन जून को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसको सेप्टीसिमिया और यूरीन इंफेक्शन भी था। परेशानी बढने पर उसे वेंटीलेटर पर रखा गया था। रविवार को दोपहर करीब तीन बजे उसकी मौत हो गई। सोमवार को फाफामऊ में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
उधर, रविवार को कोरोना पाजिटिव दो नए मरीज सामने आए। इसमें एक महिला का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद लाउदर रोड स्थित पंचशील अस्पताल को सील करते हुए वहां के सभी स्टाफ को क्वारेंटीन कर दिया गया है।
वहीं तीन दिन पूर्व संक्रमित पायी गयी शाहगंज निवासी गर्भवती महिला के पति भी रिपोर्ट भी कोरोना पाजिटिव आई है। 32 वर्षीय युवक की रिपोर्ट आने के बाद रविवार को उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस तरह जिले में कोरोना पाजिटिव मरीजों की संख्या अब 125 हो गई है।