
उमरे: सिग्नल विभाग का तकनीकी कौशल बना वरदान
प्रयागराज। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के कारण यात्री ट्रेनों तथा मालगाड़ी का संचालन सीमित हो गया है। इसका लाभ उठाते हुए उमरे के सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग ने अपनी तैयारियां दुरूस्त कर ली हैं।
अब तक यह काम ब्लॉक लेने के बाद किया जाता है। प्रयागराज मंडल में ट्रेनों को निर्बाध रूप से चलाने के लिए कई जरूरी बदलाव किये गये हैं। स्टेशन पर सिग्नलिंग गियर के लिए उपलब्ध कराये गये एटी सप्लाई को मंडल के केन्द्रीय डेटा लॉगर केंद्र से लगातार मॉनिटर करने की व्यवस्था की जा रही है। इस क्रम में यह व्यवस्था नौ स्टेशनों पर पूरी कर ली गई है।
सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के सभी स्टेशन एवं ऑटो सेक्शन के बिल्डिंग की छत को मानसून आने के पूर्व साफ कर लिया गया है। पावर सप्लाई को दुरुस्त करने हेतु नौ स्टेशनों के बैटरी बैंक को बदला गया है।
पुरानी हो चुकी लगभग 18 प्वाइंट मशीनों को बदला गया है। चार स्टेशनों पर पैनल टेस्टिंग किया गया है। सात स्टेशनों पर ईएलडी लगाया गया है। इससे केबिल में किसी भी तरह की खराबी को समय से पहचान कर दूर किया जा सकेगा। इसे मंडल के केंद्रीय डाटा लॉगर केंद्र से भी जोड़ा गया है ताकि इसके द्वारा उपलब्ध डाटा का प्रतिदिन एनालिसिस किया जा सके।
सिग्नलिंग उपकरणों को चोरी होने से बचने के लिए अलार्म लगाया गया है तथा इसे मंडल के केंद्रीय डाटा लोगर केंद्र से भी जोड़ा गया है। इसके आलावा, दूरसंचार व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए प्रयागराज मंडल के स्टेशनो को केंद्रीय डाटा लोगर केंद्र से जोड़ा गया है।
चुनार चोपन खंड के लूसा स्टेशन पर स्थित समपार संख्या 19 के इंटरलॉकिंग के लिए आउटडोर का कार्य भी संपन्न हो गया है। ट्रैक सर्किट की विफलता को जल्द ठीक करने के लिए मंडल के तीन स्टेशनों पर स्टेशन मास्टर कक्ष में ट्रैक फिड बैटरी चार्जर के इंडिकेशन लगाए गए हैं।
सिग्नल की क्षमता को बढ़ाने के लिए मॉडिफाइड एलईडी लगाया गया है। समपार फाटक पास करने वाले वाहनों को गाड़ी आने से पहले ही सतर्क एवं सचेत करने के लिए इटावा – गाजियाबाद खंड के 31 समपार फाटक पर नजदीक आने वाली गाडिय़ों द्वारा स्वचालित अलार्म बजने लगता है ।
यह कार्य समपार फाटक पर होने वाली एक्सीडेंट को कम करने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।
साथ ही नैनी-मानिकपुर खंड के बेवरा स्टेशन के सभी ट्रैक फिड बैटरी चार्जर को मंडल के केंद्रीय डाटा लोगर केंद्र से भी जोड़ा गया है।
फाल्स फीड पावर सप्लाई से मॉडर्न सिग्नलिंग सिस्टम को सुरक्षित करने हेतु इनपुट सप्लाई का सेग्रिगेशन दो स्टेशनों पर पूरा कर लिया गया है। शिकोहाबाद के लोहे के रेलवे ब्रिज संख्या 55 पर ट्रैक सर्किट की क्षमता को बढ़ाने के लिए एक्सल काउंटर लगाया गया है।