
प्रयागराज। कोराना का अटैक जारी है। सोमवार को झलवा स्थित खेलगांव के पास स्थित एक प्राइवेट अस्पताल की दो नर्सें कोरोना पॉजिटिव मिली हैं। नैनी और चकिया की रहने वाली दोनों नर्सें अस्पताल में भर्ती एक कोरोना पॉजिटिव के इलाज के दौरान संक्रमित हुईं। इसके साथ ही इनके सम्पर्क में आए परिजनों समेत डेढ़ दर्जन लोगों को क्वारेंटीन किया गया है। सभी के सैम्पल लांच के लिए एकत्र किय गये हैं। उधर, इलाजरत मऊआइमा के दो मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी।
कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि करीब हफ्तेभर पहले एक मरीज झलवा के उस प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हुआ था। इस दौरान कोरोना जांच में वह पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद अस्पताल के कर्मचारी क्वारेंटीन किए गए थे। उनमें 16 कर्मचारियों की कोरोना जांच कराई गई। सोमवार को आई रिपोर्ट में दो नर्सें कोरोना पॉजिटिव मिलीं। उधर, कोटवा के एल-1 अस्पताल में ड्यूटी कर रही स्वास्थ्यकर्मियों की चौथी टीम की विदाई कर दी गई। सोमवार को सभी 25 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ. वीके मिश्रा ने उन्हें विदा किया। अब 25 लोगों की पांचवी टीम ने अस्पताल की जिम्मेदारी संभाल ली।