
प्रयागराज। नगर निगम कार्यकारिणी समिति के छह सदस्यों के लिए 12 जून को होने वाले चुनाव में भाजपा को अपने पांच उम्मीदवारों को जिताने के लिए वोटों की सेंधमारी करनी होगी। भाजपा के मुकाबले में सपा ने दो और कांग्रेस ने एक उम्मीदवार उतारा है। भाजपा को पांचों उम्मीदवारों को जिताने के लिए खासा जोर लगाना होगा। लिहाजा निर्दलीय पार्षदों के वोटों पर सबकी नजर है। निर्दलीय पार्षद इस समय अहम भूमिका में हैं।
भाजपा के सदन में 35 पार्षद
भाजपा के 35 पार्षद सदन में हैं। पार्षदों के अलावा फूलपुर, इलाहाबाद लोकसभा की सांसद, शहर उत्तरी, शहर दक्षिणी, शहर पश्चिमी के विधायक और दो एमएलसी के वोट भाजपा के उम्मीदवारों को मिलेंगे। इनके पास कुल 42 वोटर हैं। एक-एक उम्मीदवार को नौ-नौ वोट मिलेंगे। जबकि सपा 12-12 वोट लेकर मैदान में उतरी है। सपा के 24 पार्षद हैं। उसके 23 पार्षद वोट डालेंगे। सपा से राज्यसभा सदस्य रेवती रमण सिंह भी वोट डालने आ सकते हैं। ऐसे में एक उम्मीदवार को 12-12 वोट मिलेंगे। उनका जीतना लगभग तय है। कांग्रेस पार्टी के कुल 11 पार्षद हैं। एक का निधन हो चुका है। 10 पार्षद वोट डालेंगे। कांग्रेस ने एक उम्मीदवार को मैदान उतारा है। निर्दल पार्षदों का वोट भी कांग्रेस उम्मीदवार को मिलना तय है। दोनों पार्टी की तीन सीटें अभी निकलती दिख रही हैं।