इविविः नहीं थम रहा शैक्षिक क्षरण का ग्राफ


एनआईआरएफ रैंकिंग में विवि को नहीं मिली टॉप-200 में जगह
एमएनएनआईटी भी छह एवं ट्रिपल। आईटी 21 पायदान लुढ़के

प्रयागराज। मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) ने नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) की 2020 की इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग जारी कर दी। पूरब का आक्सफोर्ड कहा जाने वाला इलाहाबाद विश्वविद्यालय इस बार भी अपनी रैंकिंग नहीं सुधार पाया।

वर्ष 2019 की रैंकिंग में भी इविवि को देश के टॉप-200 विश्वविद्यालयों की सूची में जगह नहीं मिली थी। उधर, मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) और भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) की रैकिंग में भी 2019 की तुलना में गिरावट दर्ज हुई है। एमएनएनआईटी 42वें से 48वें जबकि ट्रिपलआईटी 82वें से 103वें पायदान पर खिसक गया है।


उल्लेखनीय है कि एमएचआरडी ने 2016 से रैंकिंग की व्यवस्था लागू की थी। उस वर्ष इविवि को देशभर के विश्वविद्यालयों में 68वां स्थान मिला था। वर्ष 2017 में 27 पायदान की गिरावट के साथ इविवि 95वें स्थान पर चला गया। 2018 की रैंकिंग में इसे देशभर में 144वां स्थान मिला। वर्ष 2019 में टॉप- 200 की सूची से बाहर हो गया। इस बार बेहतरी की उम्मीद थी लेकिन उम्मीदों पर पानी फिर गया है। कुलपति प्रो. आरआर तिवारी ने कहा कि मुझे चार्ज लिए पांच माह हुए हैं।

इतने कम समय में रैकिंग के क्षेत्र में काम करना मुश्किल है। छात्र राजनीति छोड़कर पढ़ाई करें और शिक्षक, कर्मचारियों के सहयोग से नए सत्र में इविवि की रैंकिंग में अवश्य सुधार होगी।

Exit mobile version