UP: कोरोना वारियर्स की सुविधाओं में कटौती

प्रयागराज। कोरोना वारियर्स (डॉक्टर, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, वार्ड ब्वॉय एवं स्वीपर) पर फूल बरसाने के बाद अब उनकी सुविधाओं में कटौती की जा रही है। कोरोना संक्रमित मरीजों की देखरेख में लगे डॉक्टर व मेडिकल स्टाफ के पैसिव क्वारेंटीन की सुविधा खत्म कर दी गई है। बजट कटने के बाद अब टीम को 14 दिन की ड्यूटी करने के बाद सीधे घर भेजा जा रहा है। ऐसे में उनके परिवार के सदस्यों पर संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। यह नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। कोरोना अस्पताल में 14 दिन की ड्यूटी के बाद इनकी कोरोना जांच होती है। रिपोर्ट निगेटिव आने पर सभी को 14 दिनों के लिए पैसिव क्वारेंटीन में भेजा जाता है। इस दौरान वह न तो कोई ड्यूटी करते हैं और न ही घर के लोगों से मिलते हैं। इसका पूरा खर्च सरकार की ओर से उठाया जाता रहा। इसके बाद ही इन्हें घर भेजा जाता था। मगर, अब यह व्यवस्था बदल गई है। शासन से बजट कटने के बाद कोरोना वार्ड में ड्यूटी करने वालों का पैसिव क्वारेंटीन खत्म कर दिया गया है। 14 दिनों की ड्यूटी के बाद उनकी कोरोना जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें होम क्वारंटीन का निर्देश देकर सीधे घर भेजा दिया जा रहा है। जाहिर है, इससे अब घर के सदस्यों का खतरा भी बढ़ गया है।

Exit mobile version