दो नए मामले, सात को मिली अस्पताल से छुट्टी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । शनिवार को कोरोना के दो नये पाजिटिव मामले सामने आए। उधर, एसआरएन में भर्ती एक और कोटवा के एल-1 अस्पताल में भर्ती छह कोरोना संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उनको छुट्टी दे दी गई।

झूंसी के सराय टाकी गांव की कोरोना संक्रमित एक महिला का दो दिन पहले एक निजी अस्पताल में प्रसव हुआ था। उसकी रिपोर्ट भी पाजिटिव आने के बाद उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं 67 वर्षीय दूसरा मरीज भारतीय भवन ऊंचा मंडी का रहने वाला है। उसको हार्ट की समस्या है। उसे लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


कोविड 19 के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि इसके साथ ही जनपद में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 179 हो गई है।

शनिवार को तीन संभावित मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसमें कोरोना संक्रमित पूर्व एसएसपी के संपर्क में आने वाले करीब 100 लोग हैं जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसमें पुलिस के अधिकारी समेत कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं।

कोटवा में भर्ती एक कोरोना संक्रमित मरीज का ब्लड प्रेशर बढने पर उसे एसआरएन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।


उधर, स्वास्थ्य विभाग के एसीएमओ व कोविड-19 के पूर्व नोडल अधिकारी 17 को जून को कोरोना संक्रमित हुए थे। अब स्थिति यह है कि चार दिन बीत गए लेकिन अभी तक उनके परिवार की रिपोर्ट नहीं आई।

जब स्वास्थ्य विभाग के बड़े अधिकारी के परिवार की रिपोर्ट समय से नहीं मिल पा रही है तो साधारण मरीजों की रिपोर्ट कितने दिनों में आती होगी। इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।

Exit mobile version