प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार ) । इलाहाबाद की पूर्व सांसद सरोज दुबे का नोएडा में निधन हो गया। वह पिछले कुछ वर्षों से नोएडा में रह रही थीं। पूर्व सांसद के निधन से प्रयागराज में शोक की लहर है। उनका प्रयागराज (पूर्व में इलाहाबाद) से गहरा नाता रहा है। सरोज दुबे इलाहाबाद सीट से पहली महिला सांसद बनीं थी। वे 1991 से लेकर 1996 तक इस सीट से जनता दल से सांसद रहीं। सरोज दुबे ने कांग्रेस पार्टी के साथ अपनी राजनीति की शुुरुआत की थी। वर्ष 1985 में कांग्रेस के टिकट पर शहर उत्तरी से विधायक का चुनाव लड़ीं मगर अनुग्रह नारायण सिंह से हार गईं। 1989 में उन्होंने जनता दल का दामन थामा और 1991 में सांसद चुनी गईं। उनके बेटे अनुराग दुबे सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता हैं। सरोज दुबे का मकान प्रयागराज के कचहरी रोड पर छप्पन भोग के पीछे था। वह अब यहां नहीं रहती थीं। फैजाबाद की मूल निवासी सरोज दुबे ने वहीं से पढ़ाई भी की थी। वह बिहार में राजद से राजसभा सदस्य भी रहीं। उनके पति जेएन दुबे पटना हाईकोर्ट में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश पद से सेवानिवृत्ति हुए हैं।