प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रयागराज मंडल के डीआरएम के निजी सचिव (पीएस) द्वारा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को थप्पड़ मारने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में डीआरएम के निजी सचिव दिनेश शर्मा एक रेलकर्मी को थप्पड़ मारने के साथ गालियां भी दे रहे हैं। यह मामला डीआरएम तक पहुंच चुका है।
उन्होंने इसे अनुशासनहीनता कहा और साथ ही विभागीय कार्रवाई की भी बात कही। दरअसल माल गोदाम कॉलोनी में रहने वाले रेलकर्मी मनीष का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर पिछले दिनों विवाद हुआ था। गुस्से में उसने अपनी पत्नी को कमरे में बंद कर दिया था।
आस पास के लोगों ने किसी प्रकार मामले को शांत करा दिया था। मामला डीआरएम के निजी सचिव दिनेश शर्मा तक पहुंच गया। वह शनिवार को रेलकर्मी को समझाने गए थे।
इसी दौरान वो खुद ही उस कर्मचारी की पिटाई करने लगे। वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। इस संबंध में प्रयागराज मंडल के डीआरएम अमिताभ ने कहा कि उनके पीएस ने अनुशासन तोड़ा है। उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाएगी।