प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । शहर के चौक स्थित भारतीभवन की रहने वाली 90 वर्षीय वृद्धा ने कोरोना वायरस को मात दे दी है।
चिकित्सकों द्वारा दिए गए उपचार, देखभाल और अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के बलबूते वह कोरोना को हराने में सफल रहीं। बता दें कि इस महामारी ने उनके पुत्र को उनसे छीन लिया लेकिन इन्होंने साबित कर दिया कि वह कोरोना को अपने उपर हावी नहीं होने देंगी।
मेहंदौरी कॉलोनी निवासी एसीएमओ व उनकी पत्नी, बेली अस्पताल के डॉक्टर एवं एसआरएन की नर्स की रिपोर्ट भी निगेटिव आई। इस तरह कोरोना संक्रमित 13 मरीजों को अस्पताल से छुट्टïी दे दी गई। शनिवार को एसआरएन के एल-3 अस्पताल से 07 और कोटवा के एल-1 अस्पताल से 06 मरीज डिस्चार्ज किए गए।
एसआरएन के नोडल डॉ. सुजीत वर्मा ने बताया कि एसीएमओ की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आ गई है, लेकिन उन्हें सुगर के साथ-साथ सांस लेने में कुछ दिक्कत है। उन्हें कोविड वार्ड से निकालकर सामान्य आईसीयू में रखा गया है। उनकी पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
इसी तरह बेली अस्पताल के एनेस्थेटिस्ट डॉक्टर, एसआरएन के सर्जरी विभाग की नर्स के अलावा लालगोपालगंज एवं झूंसी की एक-एक महिला को डिस्चार्ज किया गया। कोटवा से डिस्चार्ज होने वालों में जीआरपी के चार जवान शामिल हैं। बाकी दो अन्य युवक हैं।