प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । शास्त्री ब्रिज में आई खराबी को पीडब्ल्यूडी ने शनिवार को दूर कर लिया। अफसरों ने मजदूर लगाकर उसकी मरम्मत की। रोलर और बेयरिंग के बीच आए गैप को पूरी तरह भर दिया गया है। सेटिंग के बाद सोमवार से इस लेन से आवागमन शुरू हो जाएगा।
गुरुवार रात शास्त्री पुल की डाउन लेन के 41 नंबर पिलर के गार्डर का रोलर अपनी जगह से खिसक गया था। इससे रोलर और बेयरिंग के बीच में गैप हो गया था। पीडब्ल्यूडी ने प्रभावित लेन से आवागमन रोक दिया। शनिवार को इसे ठीक करने का काम शुरू हुआ। टीम के साथ पहुंचे एक्सईएन ने मजदूरों को लगाकर रोलर को अपनी जगह पर बैठाया। रोलर और बेयरिंग के बीच में हुए गैप को भरकर खत्म किया गया। कई तकनीकी अधिकारी बाहर से भी आए हुए थे। अफसरों के मुताबिक पुल में आई गड़बड़ी को दूर कर दिया गया है। एक दिन उसे सूखने में लगेगा। अधिकारियों का कहना है कि सोमवार आवागमन शुरू किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी खंड-3 के एक्सईएन अजय गोयल ने बताया कि अभी मैटेरियल की सेटिंग के लिए एक दिन का समय चाहिए। उम्मीद है सोमवार से उस लेन पर आवागमन शुरू होगा।