प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार) । यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट 2020 का रिजल्ट जारी करने के बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद (माशिप) ने अब स्क्रूटनी परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है।
इसके लिए 22 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किये जाएंगे। इससे संबंधित सभी जानकारियों को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। परिषद ने लिखित व प्रयोगात्मक विषयों के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित किया है।
स्क्रूटनी के लिए परीक्षार्थियों को हर विषय के लिए पांच-पांच सौ रुपये शुल्क जमा करना होगा।
अभ्यर्थियों को आवेदित विषयों के लिए निर्धारित शुल्क चालान के माध्यम से राजकीय कोषागार में जमा करना होगा।
इसके बाद आवेदन के विवरण को वेबसाइट से डाउनलोड करके उसके प्रिंट के साथ मूल चालान पत्र को सत्यापन के लिए संलग्न करके रजिस्टर्ड डाक से परिषद के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय में निर्धारित तारीख तक भेजना होगा।
कोरियर अथवा डाक के अन्य माध्यमों से भेजा गया आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं, ऑफलाइन व तय तारीख के बाद आने वाले आवेदनों को परिषद स्वीकार नहीं करेगा।