Latest

8760 पदों पर ठोका 27 लाख अभ्यर्थियों ने दावा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। रेलवे की नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (एनटीपीसी) और ग्रुप डी में 8760 पदों के लिए आवेदन करने वाले 27 लाख अभ्यर्थी सवा साल से परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। इनमें 4030 पद एनटीपीसी और 4730 पद ग्रुप डी के हैं। दोनों परीक्षाओं के लिए आवेदन पिछले साल अप्रैल में लिए गए थे।
एक तरफ जहां उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, संघ लोक सेवा आयोग कोरोना संकट के बीच परीक्षाएं शुरू कर दी हैं वहीं आरआरबी प्रक्रिया शुरू नहीं कर पाया। दो महीना पहले कहा जा रहा था कि अन्य एजेंसियों के परीक्षा कराने की पद्धति देखने के बाद एनटीपीसी की परीक्षाएं होंगी। कोरोना के खौफ में रेलवे भर्ती इकाई फिलहाल परीक्षा कराने को तैयार नहीं है।
एनटीपीसी की परीक्षा कराने वाली नोडल एजेंसी आरआरबी चेन्नई और ग्रुप डी की नोडल एजेंसी आरआरबी पटना अलग-अलग परीक्षाओं के लिए एजेंसी तय नहीं कर पाया। अभ्यर्थी सोशल मीडिया पर रेलमंत्री पीयूष गोयल को ट्वीट कर परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग कर रहे हैं। आरआरबी इलाहाबाद के चेयरमैन आरए जमाली ने बताया कि एजेंसी की नियुक्ति व परीक्षा की तिथि नोडल एजेंसियों को तय करना है।

इनसेट….

दोनों परीक्षाओं के लिए एजेंसी तय नहीं
प्रयागराज। रेलवे के एनटीपीसी और ग्रुप डी की परीक्षा निजी एजेंसियों को कराना है। दोनों परीक्षाओं की नोडल एजेंसियों को एजेंसियों का चयन टेंडर के जरिए करना है। एनटीपीसी परीक्षा की परीक्षा कराने वाली एजेंसी पर प्री बिड मीटिंग हुई लेकिन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। ग्रुप डी परीक्षा कराने वाली एजेंसी पर कोई चर्चा नहीं है।

इनसेट….

आरआरसी ने लिया आवेदन, परीक्षा कराएगा आरआरबी
प्रयागराज। रेलवे में ग्रप डी की भर्ती के लिए रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) ने आवेदन लिया। आरआरसी ने ऑनलाइन आवेदन की स्क्रूटनी की। अब ग्रुप डी के परीक्षा कराने की जिम्मेदारी आरआरबी को सौंपी गई है। आरआरबी पटना परीक्षा की नोडल एजेंसी है। नोडल एजेंसी को परीक्षा कराने वाली संस्था का चयन करना है।

Related Articles

Back to top button