कोरोना के 356 नए मामले, पांच की मौत

जिले में 2844 सक्रिय मरीजों का चल रहा इलाज
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जनपद में कोरोना मरीजों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ रही है। शनिवार को जहां पांच कोरोना मरीजों की मौत हो गई वहीं 356 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन के लाख कवायद के बाद भी कोरोना पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या अब तक 11402 तक पहुंच चुकी है जिसमें 8387 कोरोना मरीज पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 2844 का अब भी सक्रिय मरीज के तौर पर इलाज चल रहा हैं। शनिवार को 66 कोरोना मरीजों को विभिन्न कोविड अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया।
शनिवार को कोरोना संक्रमित चार मरीजों की एसआरएन में और एक संक्रमित की बेली अस्पताल में मौत हो गई। मरने वालों में तीन प्रयागराज और दो मरीज कौशांबी के रहने वाले बताए गए हैं। इन पांच मौतों के साथ जिले में मरने वालों की संख्या 172 हो गई है। मऊआइमा निवासी 55 वर्षीय महिला, कीडगंज निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति, पुरामुफ्ती निवासी 65 वर्षीय महिला, कौशांबी निवासी 51 वर्षीय व्यक्ति ने एसआरएन में तो बहादुरपुर विकासखंड के लीलापुर खुर्द गांव निवासी एक अधेड़ ने बेली के कोविड अस्पताल में दम तोड़ दिया।




