नगर निगम बनवाएगा 150 हाईटेक शौचालय

सेंसर और इंफार्मेशन कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी से होंगे लैस
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शहर के सार्वजनिक शौचालय हाईटेक नजर आएंगे। प्रयागराज में जल्द ही ऐसे शौचालय बनेंगे जो आपको किसी बड़े होटल के टॉयलेट का एहसास कराएंगे। स्मार्ट सिटी के तहत नगर निगम लगभग 150 ऐसे शौचालय बनवाएगा जो सेंसर और इंफार्मेशन कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी (आईटीसी) आधारित होगा। इससे टॉयलेट की सफाई, पानी की टंकियों के भरने और खाली होने की जानकारी भी स्वतः अपडेट होती रहेगी। नगर निगम प्रशासन इसके लिए टेंडर जारी करने की तैयारी कर रहा है।
शहर व इसके विस्तारित क्षेत्र नैनी, झूंसी और फाफामऊ में 10 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 150 सेंसर और आइटीसी आधारित टॉयलेट निर्माण की तैयारी है। इसके लिए जगह भी चिन्हित कर लिया गया है। इन शौचालयों में स्वचालित फ्लश होंगे और नलों की टोटियां भी ऐसी लगी होंगी जो सेंसर से संचालित होंगे। यानी हाथ के स्पर्श के एहसास से टोटियों से पानी निकलने लगेगा।



