रेलवे की ऑनलाइन भर्ती परीक्षाओं में लगेंगे छह माह नॉन टेक्निकल पापुलर कैटेगरी और ग्रुप डी में 27 लाख आवेदक

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। रेलवे की सवा साल से लंबित एनटीपीसी (नॉन टेक्निकल पापुलर कैटेगरी) और ग्रुप डी की परीक्षाएं शुरू करने की कवायद शुरू हो रही है। दोनों ऑनलाइन परीक्षाओं को पूरा करने में कम से कम छह महीने लग सकते हैं क्योंकि दोनों परीक्षाएं एक-एक दिन में नहीं कराई जा सकती हैं। दोनों परीक्षा में 27 लाख से अधिक अभ्यर्थी भाग लेंगे। नॉन टेक्निकल पापुलर कैटेगरी में कुल 4030 पदों के लिए 18,11,361 आवेदक हैं जबकि ग्रुप डी के 4730 पद के लिए 9,11,082 आवेदक हैं।
कोरोना संकट के बीच सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए आरआरबी दोनों परीक्षाएं चरणों में कराने पर विचार कर रहा है। इस योजना के तहत अभ्यर्थियों का पूल बनाकर टेस्ट अलग-अलग तारीख पर लेगा। आरआरबी इलाहाबाद के चेयरमैन आरए जमाली ने बताया कि कोरोना संकट के बीच एक दिन में एक परीक्षा कराना संभव नहीं है। चेयरमैन के अनुसार ऑनलाइन परीक्षा की प्रक्रिया पूरी करने में महीनों लगेंगे। दोनों परीक्षाएं कराने का काम एजेंसियों को सौंपा जाएगा। एजेंसियां तय करेंगी कि एक-एक दिन परीक्षा में कितने अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए बुलाना है।



