मुक्त विश्वविद्यालय में बी.एड काउंसलिंग 12 अक्टूबर से

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज बी.एड एवं बी.एड विशिष्ट शिक्षा सत्र 2020- 21 की प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 12 अक्टूबर 2020 से प्रारंभ होगी।
यह जानकारी देते हुए बी.एड एवं बी.एड विशिष्ट शिक्षा प्रवेश परीक्षा के संयोजक प्रोफेसर पी पी दुबे ने बताया कि इस बार बी.एड एवं बी. एड विशिष्ट शिक्षा की प्रवेश परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 12 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक संचालित की जाएगी।
उन्होंने बताया की बी.एड एवं बी. एड शिक्षा विशिष्ट शिक्षा की प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों की कट ऑफ मेरिट विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि बी.एड प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की काउंसलिंग फाफामऊ स्थित उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के सरस्वती परिसर में पुस्तकालय भवन के तृतीय तल पर स्थित परीक्षा हाल में होगी। इसी प्रकार बी. एड विशिष्ट शिक्षा की प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की काउंसलिंग सरस्वती परिसर के शैक्षणिक भवन के द्वितीय तल पर स्थित कक्ष संख्या 202 में होगी। मीडिया प्रभारी डॉ प्रभात चंद्र मिश्र ने बताया कि काउंसलिंग का विस्तृत विवरण विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दिया गया है। काउंसलिंग में शामिल होने के लिए बुलाए गए प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एस एम एस से सूचना प्रेषित की जा रही है। सफल अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से काउंसलिंग का लेटर डाउनलोड कर सकते हैं।

