कोरोना प्रोटोकाल के साथ आयोजित होगा माघ मेला

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। माघमेला 2021 का आयोजन होगा लेकिन कोरोना प्रोटोकाल के साथ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को कोरोना प्रोटोकाल के साथ मेले की तैयारी करने का निर्देश दिया है।
इसके साथ ही माघमेला के आयोजन को लेकर संशय समाप्त हो गया। मुख्यमंत्री ने प्रयागराज मंडल के विकास कार्यों की ऑनलाइन समीक्षा बैठक में माघमेला के दौरान कल्पवासियों के संकल्प को सफल बनाने के लिए कार्ययोजना बनाने के लिए कहा है।
समीक्षा बैठक में 2024-25 में प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ की तैयारी अभी से शुरू करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ पूरी दुनिया के लिए भव्यता, दिव्यता और सुव्यवस्था का मानक बनेगा।
कोई भी तैयारी अपूर्ण और अस्थायी नहीं होनी चाहिए। स्मार्ट सिटी मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी महाकुंभ जब प्रयागराज में होगा, तब स्मार्ट सिटी जैसी परियोजनाओं से बहुत मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने रज्जू भइया विश्वविद्यालय केशेष निर्माण कार्य को तेज करने, राजकीय मेडिकल कॉलेज कौशाम्बी, प्रतापगढ़, फतेहपुर में अगले सत्र से पठन-पाठन शुरू करने और इस लक्ष्य के साथ कॉलेज भवनों का निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज प्रतापगढ़ के निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने और उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज-कानपुर सेक्शन पर बेगम बाजार-भगवतपुर मार्ग पर रेल उपरिगामी पुल निर्माण कार्य के अवरोधों को दूर करने के निर्देश भी दिए।
प्रयागराज नगर की सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नियोजित प्रयास पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने शहर के कटरा, कचहरी और कलेक्ट्रेट जैसे क्षेत्रों में पार्किंग समस्याओं के समाधान के संबंध में प्रस्तावित कार्ययोजना के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि गंगा के तटवर्ती इलाकों में फ्लोराइड और आर्सेनिक प्रभावित क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए नियोजित प्रयास किए जाएं। शुद्ध पेयजल का मतलब है कि आम आदमी के मेडिकल बिल को आधा कर देना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज मंडल ने कोविड-19 संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने लिए अच्छा प्रयास किया है। लेकिन अब और सतर्कता की जरूरत है। पिछले एक सप्ताह से संक्रमण की दर घटी है, रिकवरी रेट सुधरा है, लेकिन प्रयागराज में डेथ रेट और रिकवरी रेट प्रदेश के औसत से अधिक है। इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है।

