नए यमुना पुल पर चलती कार में लगी आग

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नए यमुना पुल पर गुरुवार देर रात चलती कार में अचानक आग भड़क उठी।
कार सवार लोग उतरकर दूर भागे वरना उनकी जान भी खतरे में पड़ जाती। राहगीरों ने जुटकर आग बुझाने की कोशिश की लेकिन देखते ही देखते कार लपटों से घिर गई। कार आग का गोला बनी तो पुल पर आवागमन भी थम गया।
खबर पाकर नैनी और कीडगंज थाने की पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने दमकल दस्ता भी बुला लिया। आग बुझाकर कार को हटाए जाने के बाद देर रात नए पुल पर आवाजाही सुचारू हो सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार के अगले हिस्से से धुआं उठ रहा था। कार रुकने पर उसमें बैठे लोग उतरे तब तक आग लग गई। धीरे-धीरे आग बढ़ती गई।
कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
आग बुझाने के बाद कार को क्रेन से खींचकर हटाया गया तो आवागमन शुरू हो सका।




