UP: अब प्रदर्शन से पहले लेनी होगी अनुमति, कलक्ट्रेट व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर धरना-प्रदर्शन पर रोक
पुराने जीजीआईसी का मैदान होगा नया धरना स्थल
प्रशासन ने तय की जगह, प्रदर्शन से पहले लेनी होगी अनुमति
कलक्ट्रेट व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर धरना-प्रदर्शन पर रोक
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। अब सिविल लाइंस स्थित जीजीआईसी की खाली कराई गई जमीन पर धरना-प्रदर्शन होगा। कलक्ट्रेट व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर धरना-प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है। सार्वजनिक स्थलों पर जुलूस निकालना भी प्रतिबंधित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी ने कलक्ट्रेट व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर धरना-प्रदर्शन व जुलूस निकालने पर रोक लगा दी।
संस्था या राजनीतिक पार्टियां पत्थर गिरजाघर के पास खाली जमीन पर भी सीधे पहुंचकर धरना-प्रदर्शन नहीं कर सकेंगी।
निर्धारित स्थल पर धरना-प्रदर्शन व जुलूस निकालने के लिए प्रशासन की अनुमति लेनी होगी। बगैर अनुमति के आंदोलन पर विधिक कार्रवाई होगी।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजकीय आस्थान की भूमि पर बना था। प्रशासन ने इसे खाली कराया तो कालेज अन्य स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया।
शहर के महत्वपूर्ण इलाके में जमीन कई साल से खाली पड़ी है। अधिकारियों का कहना है कि कलक्ट्रेट व शहर के किसी भी सार्वजनिक स्थल पर धरना-प्रदर्शन व जुलूस से जाम लगता है। कानून-व्यवस्था संभालना मुश्किल हो जाता है। इससे काम भी प्रभावित होता है।



