Latest

UP: कत्ल या दुर्घटना, सुलझाने में जुटी पुलिस; सस्पेंस बरकरार

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। मेजा थाना क्षेत्र में सोनबरसा गांव की नहर के पास रविवार की दोपहर झाडिय़ों में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

खबर फैली तो वहां मजमा लग गया। इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंच गई। मृतक अमरनाथ भारतीय के परिवार के लोग भी पहुंच गए।

पुलिस जांच कर रही है कि यह दुघर्टना में मौत का मामला है या कत्ल का।

झाड़ी में मृत पड़े शख्स की पहचान अमिलिया कला गांव निवासी अमरनाथ भारतीय (53 वर्ष) के रूप में हुई। इस बीच मेजा कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार बाजपेई और चौकी इंचार्ज जेवनिया दिनेश कुमार यादव भी आ गए।

परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि अमरनाथ दो दिन पूर्व गांव से हुल्का बारात में शामिल होने के लिए अपनी बाइक पर निकला था। घटनास्थल से 500 मीटर दूरी पर उसकी बाइक लावारिस अवस्था में मिली।

वैसे भी क्षेत्र में चोरी, राहजनी व हत्या जैसी घटनाओं से लोगों में खासा आक्रोश है।
कोतवाली प्रभारी मेजा सुनील कुमार बाजपेई ने बारीकी से विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए पांच संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

कोतवाली प्रभारी मेजा के अनुसार ग्रामीणों ने बताया कि 23 अक्टूबर को बारात में जाते समय शाम सात बजे घटनास्थल से पांच सौ मीटर पहले पट्टी नाथ राय में एक्सीडेंट हुआ था। उसके बाद से ही मृतक लापता हो गया था। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि आखिर हुआ क्या था।

Related Articles

Back to top button