हाईटेक हो रही प्रयागराज पुलिस सर्विलांस सिस्टम और निगरानी व्यवस्था मजबूत

पुलिस गाड़ी व प्रिजन वैन में अत्याधुनिक कैमरे
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। मोबाइल सर्विलांस सिस्टम के उद्घाटन के साथ ही प्रयागराज पुलिस यूपी में सबसे हाईटेक पुलिस हो गई है। अत्याधुनिक गाडिय़ों की वजह से उसकी सर्विलांस सिस्टम और निगरानी मजबूत हुई है। प्रयागराज में पहले से ही शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर अत्याधुनिक हाईटेक कैमरे लगे हैं और अब इन मोबाइल सर्विलांस की मदद से सभी जगह ऑनलाइन निगरानी की जाएगी।
डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने बताया कि प्रयागराज में डायल 112 की 36 गाडिय़ों और 7 प्रिजन वैन में अत्याधुनिक कैमरे लगाए गए हैं। इस गाड़ी में 2 तरीके के कैमरे हैं। एक फिक्स कैमरा और दूसरा घूमने वाला कैमरा। इसकी मदद से चारों तरफ रिकॉर्डिंग की जा सकती है। साथ ही इसे इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम से लाइव देखा जा सकता है। जीपीएस की मदद से गाड़ी की लोकेशन कंट्रोल रूम से पता चल जाता है। इसके अलावा इसमें खासियत है कि इसमें लगे इंफ्रारेड कैमरे की मदद से रात के अंधेरों में भी पूरी रिकॉर्डिंग की जा सकती है। वीडियो कैमरा की रिकॉर्डिंग का बैकअप भी कंट्रोल रूम में सुरक्षित किया जा रहा है।
इस सर्विलांस सिस्टम के अलावा 300 पुलिसकर्मियों को बॉडी वार्न कैमरा वितरित किया जा रहा है। जिससे सभी थानों की पुलिस अपनी सर्विलांस टीम को मजबूत करेगी। कहीं पर कोई विवाद होने पर उसकी रिकॉर्डिंग होगी। पुलिस विभाग में चर्चा है कि इस कैमरे की खासियत यह है कि रिकॉर्डिंग होने के बाद दरोगा इसे अपने मर्जी के मुताबिक वीडियो डिलीट नहीं कर सकता।




