Latest

कोरोना: शनिवार से होगा पहले चरण का टीकाकरण

 

जनपद के छह अस्पतालों में किया जाएगा वैक्सीनेशन

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना वैक्सीन शहर में आ चुकी है और शनिवार, 16 जनवरी को पहले चरण का टीकाकरण होना है। उससे पहले ही शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने व्यवस्था में फेरबदल किया है। अब वैक्सीनेशन जिले के 20 सेंटरों में नहीं बल्कि छह अस्पतालों में किया जाएगा। वैक्सीनेशन का हर कार्य बेहतर करने के मकसद से सेंटरों की संख्या में कमी की गई है।
कोरोना वैक्सीनेशन के नोडल अफसर डॉ. राहुल सिंह के अनुसार, शनिवार को वैक्सीनेशन शहर में कॉल्विन, मेडिकल कॉलेज, डफरिन व कमला नेहरू हॉस्पिटल में और ग्रामीण इलाकों में फूलपुर व सोरांव सीएचसी में होगा। सभी सेंटरों में टीकाकरण का एक ही सेशन होगा। एक सेशन में सौ लोगों को टीका लगाया जाएगा। यह अभियान सुबह दस से शाम चार बजे तक चलेगा।
टीकाकरण से जुड़ी हर जानकारी कोविन पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। सेंटरों की वेबकास्टिंग भी होगी। दिल्ली-लखनऊ से मॉनीटरिंग होगी। स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी व शासन स्तर से किसी भी सेंटर से संवाद भी किया जा सकेगा। इस दौरान टीकाकरण को लेकर तमाम जानकारियां व फीडबैक के बारे में जाना जा सकता है। फिलहाल इसके बाद वैक्सीनेशन कब और कितनी जगह किया जाएगा, इसके बारे में शासन के निर्देश के तहत कार्य किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button