सैकड़ों ट्रैक्टर के साथ किसान तहसील मुख्यालय पहुंच गए

जगह-जगह बैरिकेडिंग और तैनात पुलिसकर्मी नहीं रोक पाए
कोरांव प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। तहसील मुख्यालय से इन्हें ट्रैक्टर परेड निकालना था उसे पुलिस प्रशासन ने रोका तो हजारों किसान तहसील में ही धरने पर बैठ गए। मांग करने लगे कि गिरफ्तार किसान नेता राजेश पांडेय और राम अवध को छोड़ा जाए। धरना अभी चल रहा है। इसके पहले सोमवार शाम बैलों की रैली निकाली गई थी।
प्रदर्शन करने वालों में भाकियु भानू, भाकियु मजदूर संघ, पीपुल्स चाइल्ड, सपा, आम आदमी पार्टी सहित कई समर्थक गुट शामिल हैं। प्रदर्शन के दौरान किसान नेता लल्लन सिंह पटेल की नजरबंदी की जानकारी मिलने पर आंदोलनकारी उग्र हो गए। नेता की रिहाई की मांग करने लगे ।एक तरफ महिलाएं तो दूसरी ओर पुरुष दल के लोग धरने पर बैठ गए। तकरीबन दो बजे तहसीलदार अनीता शेखर ज्ञापन लेने पहुंचीं। महिलाओं और पीपुल्स चाइल्ड ग्रुप का ज्ञापन लेकर वह लौट गईं। किसान नेता एसडीएम को बुलाने की मांग पर अड़कर धरने पर बैठे रहे। एसडीएम कंचन और सीओ मेजा भीम कुमार गौतम एसडीएम आवास में मौजूद रहे। किसान नेताओं के कहने पर तहसीलदार ने कहा कि वह लल्लन सिंह पटेल की नजरबंदी हटाने के लिए अफसरों से बात करेंगी। हालांकि किसान नहीं माने। वहीं, पुलिस का कहना है कि बैरिकेडिंग स्थलों पर तैनात पुलिस कर्मियो के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की गई है। उसमें मुक़दमा दर्ज किया जाएगा।

