Latest

युवा मांगे रोजगार, सरकार भेजे हवालात, 103 युवाओं पर एफआईआर के विरोध में प्रियंका गांधी ने किया ट्वीट

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कांग्रेस की महासचिव एवं उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने रोजगार की मांग को लेकर सिविल लाइंस के पत्थर गिरजाघर के समीप प्रदर्शन करने वाले 103 युवाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने पर ट्विटर के जरिए तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने लिखा है कि जब युवा करते हैं रोजगार की बात तो उनको सरकार भेज देती है हवालात।
प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि युवा अपने हक की बात करेगा। सरकार का धर्म है कि युवाओं की बात करे एवं उनकी बात सुने भी। बता दें कि रोजगार की मांग को लेकर युवाओं का हुजूम गत बुधवार को सड़क पर उतरा था। पुलिस ने प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे तीन युवाओं युवा मंच के अध्यक्ष अनिल सिंह, राजेश सचान और अमरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जबकि सात छात्राओं समेत 22 युवाओं को हिरासत में लिया गया था।
प्रियंका गांधी ने रोजगार की मांग कर रहे युवाओं को जेल भेजे जाने संबंधी खबर को टैग करते हुए आंदोलन का समर्थन किया था। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी ट्विटर के जरिए युवाओं को जेल भेजने को गलत ठहराया था। अब जबकि आंदोलन में शामिल 103 युवाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है तो प्रियंका गांधी ने एक बार फिर उनके पक्ष में आवाज उठाई है।

Related Articles

Back to top button