Latest

दो के खिलाफ ठगी का मुकदमा दर्ज, इविवि: कर्मचारियों की संविदा भर्ती में रिश्वत का मामला

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अफसरों को करोड़ों रुपये घूस देने की बात कहकर बदनाम करने वालों के खिलाफ कर्नलगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई शुरू की है। दोनों आरोपियों का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस विधिक कार्रवाई करेगी। जांच में पता चलेगा कि वीडियो में कही बात के पीछे कोई साजिश तो नहीं है।
सन फैसिलिटी सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रविकांत तिवारी ने कर्नलगंज थाने में सिविल लाइंस स्थित लक्षदीप इन्फो के मैनेजर एके शर्मा और निदेशक कुलदीप शर्मा के खिलाफ ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है। एफआईआर के मुताबिक उनकी फर्म को इविवि में आउटसोर्स पर कर्मचारी उपलब्ध कराने का ठेका मिला है। 27 मार्च को एक ऑडियो और वीडियो वायरल होने पर जानकारी हुई। इस वीडियो में एके शर्मा और कुलदीप शर्मा ने कंपनी के अभ्यर्थियों के चयन में रुपयों की मांग करने की बात कही है।
यह बात भी सामने आई कि इन्होंने अभ्यर्थियों से रुपये भी लिए हैं। पैसा मांगने पर कहा कि कंपनी ने ठेका लेने के लिए इविवि के प्रशासनिक अफसरों को करोड़ों रुपये घूस में दिए हैं। इविवि के अधिकारियों का कहना है कि यह आरोप निराधार है। कंपनी को ठेका ई-टेंडर से दिया गया है। इविवि के कुलपति समेत अन्य अफसरों की छवि खराब करने की कोशिश की गई है।

इनसेट….

छात्रों ने महामहिम राष्ट्रपति से की शिकायत।

प्रयागराज। इविवि में कर्मचारियों की संविदा भर्ती में रिश्वत मांगने के वायरल वीडियो की शिकायत छात्रों ने राष्ट्रपति, राज्यपाल, यूजीसी और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय से की है। यह पत्र छात्रनेता अजय सम्राट ने भेजा है। इसके साथ ही छात्रों ने मामले में संलिप्त कंपनी के कुलदीप शर्मा, एके मिश्र, मेसर्स सन फैसिलिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रविकांत तिवारी एवं कुलपति के ओएसडी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है। उधर छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर मंगलवार को भी अनशन जारी रहा। इस मौके पर जितेंद्र धनराज, नवनीत यादव, मो सलमान, शुभम यादव, मसूद अंसारी, मुकेश यादव, मो जैद, अनिकेश कुमार, सौरभ कुमार, दीप सिंह, अरविंद मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button