देश

‘आलू से सोना निकालने वाले कर रहे किसानों की बात’, मोदी ने कांग्रेस पर किए ये हमले

नेशनल डेस्‍क। कर्नाटक में चुनाव की तारीखें जैसे-जैसे करीब आ रही हैं. वैसे-वैसे बीजेपी का चुनाव प्रचार तेज हो गया है. शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो रैलियां हो चुकी है. दो और रैलियां होनी हैं. मोदी ने आज तुमकुर में पहली और गडग में दूसरी रैली की।

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा. राहुल पर हमला बोलते हुए मोदी ने कहा कि जिन्हें हरी मिर्च-लाल मिर्च का फर्क नहीं पता, जो आलू से सोना निकालने की बात करते हैं, वो आज किसानों का मुद्दा उठा रहे. वहीं, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि कर्नाटक चुनाव के बाद ये पार्टी पंजाब पुडुचेरी परिवार पार्टी के नाम से जानी जाएगी.

पढ़ें, मोदी के भाषणों की खास बातें…

>>>शनि‍वार को पीएम नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले तुमकुर में रैली की. उन्होंने कहा, “कांग्रेस हर चुनाव में गरीब, गरीब, गरीब करती है. कांग्रेस सिर्फ यही माला जपकर हमेशा से चुनाव जीतने की कोशिश करती रही है. कांग्रेस वर्षों से सिर्फ वोट बटोरने के लिये गरीबी हटाने की बात करती रही है, जबकि असल में उसने किसानों और गरीबों की अनदेखी की.”

>>>मोदी ने कहा, “कांग्रेस के लीडर जिन्‍हें हरा मिर्च-लाल मिर्च नहीं पता, आलू से सोने की बात करते हैं, वे भी आज किसान की बातें कर रहे हैं.” मोदी का इशारा राहुल गांधी पर था.
>>>प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि कर्नाटक विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस और जेडीएस के बीच गुप्त समझौता हुआ है. एचडी देवगौड़ा की पार्टी कांग्रेस का बचाव कर रही है.

>>>मोदी ने जोर देकर कहा कि वह देवगौड़ा का सम्मान करते हैं. उन्होंने कहा, “साल 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले देवगौड़ा ने घोषणा की थी कि अगर मोदी प्रधानमंत्री बनते हैं, तो वह आत्महत्या कर लेंगे.” पीएम ने कहा कि देवगौड़ा ने उनका विरोध किया था, बावजूद इसके जब वह लोकसभा चुनावों में चुनाव प्रचार के लिए कर्नाटक पहुंचे, तब उन्होंने यही कहा था कि जेडीएस नेता 100 साल जियें और समाज की सेवा करें.

>>>तुमकुर रैली में मोदी ने कहा, “कर्नाटक कांग्रेस के नेताओं के लिए तो केवल एक ही मंत्र है ‘बाप बड़ा न भैया सबसे बड़ा रुपैया’. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने तो कहावत ही बदल दी है. उनका मंत्र है ‘ बाप भी बड़ा, भैया भी बड़ा मगर उससे भी बड़ा रुपैया, सिद्धा रुपैया.”

>>> तुमकुर रैली में पीएम ने कहा, “हम कांग्रेस के पापों को धो रहे हैं. इतने साल से कांग्रेस शासन में थी, उसने क्‍यों कुछ नहीं किया और इस देश के किसान कर्ज में डूब गए. उन्‍हें आत्‍महत्‍या करनी पड़ रही है. कांग्रेस ने किसान के लिए कुछ किया होता तो मेरा किसान मिट्टी में से सोना पैदा करके दे देता.”

>>>मोदी ने कहा, “सभी सर्वे में जेडीएस राज्य में नंबर तीन पर भी नहीं आ रही है. ऐसे में पार्टी को अपना वोट देकर खराब न करे, सिर्फ बीजेपी ही कांग्रेस को हरा सकती है. जेडीएस कांग्रेस को नहीं हरा सकती, कर्नाटक में अगर कोई सरकार बदल सकती है तो वह है बीजेपी. इसलिए 12 मई को कमल के फूल के सामने का बटन दबाएं.”

>>>मोदी ने कहा कि किसानों के नाम पर राजनीति करने वाली कांग्रेस से मैं पूछना चाहता हूं कि हेमवती नदी का पानी हमारे तुमकुर के किसानों को क्यों नहीं मिला. हम हेमवती और नेत्रावती नदी को जोड़कर तुमकुर और आसपास के 8 जिलों के किसानों तक पानी पहुंचाएंगे.

>>>गडग में दूसरी रैली करते हुए मोदी ने कहा, “चुनाव के बाद कांग्रेस पार्टी को पीपीपी कांग्रेस पार्टी बनाने का काम भी कर्नाटक के लोग करेंगे. यानी चुनाव के बाद कांग्रेस पंजाब, पुद्दुचेरी और परिवार तक सिमट जाएगी.”

>>>गडग में पीएम मोदी ने कहा, “कर्नाटक में ऐसी सरकार बैठी है, जो सोती ही रहती है. हमने सपना संजोया है कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी हो और सबके पास घर हो. ऐसा होने के लिए कांग्रेस को बाहर करना होगा.”

>>>गडग रैली में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, “कांग्रेस ने पूरे कर्नाटक में वसूली माफियाओं का बहुत बड़ा नेटवर्क खड़ा किया हुआ है. अगर यह कांग्रेस सरकार गई तो दिल्ली तक पैसे कैसे जाएंगे. कांग्रेस के नेताओं और मंत्र‍ियों ने एक टैंक बना रखा है, जिसमें से भ्रष्‍टाचार का पैसा सीधे पाइपलाइन से दिल्ली में बैठे कांग्रेस के बड़े नेताओं के पास जाता है. यही वजह है कि कर्नाटक में हार को सामने देख कांग्रेस परेशान दिख रही है.”

>>>दूसरी रैली में मोदी ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस ने अपना सबकुछ दांव पर लगाया है, चुनाव जीतने के लिए आज कांग्रेस छटपटा रही है. कर्नाटक की कांग्रेस सरकार को यहां के जंगलों में ऐसी जड़ी बूटी मिल गई, जिससे उन्‍हें लगता है इससे पूरे देश में कांग्रेस को जिंदा रखा जा सकता है. भ्रष्टाचार कांग्रेस के जीवित रहने के लिए जरूरी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button