एसटीएफ के रडार पर जिले के टाप सटोरिए , गिरफतारी को बिछाया जाल

कई सटोरिये घर छोड़कर भागे
प्रयागराज, (अनुराग दर्शन समाचार)। जिले के टाप -10 सटोरिए अब एसटीएफ के निशाने पर आ गए हैं। करोड़ों का सट्टा करवाने वाले आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिए गए हैं। साथ ही गिरफ्तारी के लिए जाल भी बिछाया जा रहा है। इससे सट्टेबाजों में खलबली मच गई है और कई सटोरिए अपने-अपने घर छोड़कर फरार हो गए हैं।
नैनी इलाके में एसटीएफ को सूचना मिली है कि कथित रूप से ईंट-भटठा कारोबार से जुड़ा एक शख्स जुआ और सट्टे का अड्डा संचालित करता है। उसके कनेक्शन घूरपुर, करछना से लेकर अन्य स्थानों के कुछ प्रभावशाली लोगों से हैं। मुट्टीगंज इलाके में भी एक नेता का करीबी सट्टा का खेल करवाता है, जहां रोजाना लाखों का दांव लगता है। सदियापुर मोहल्ले भी जुआ व सट्टे का बड़ा अड्डा है, जिसके सरगना का कई बड़े लोगों के साथ उठना-बैठना बताया जाता है। जिले के सिविल लाइंस में एक छोटे सफेदपोश का बड़ा हाता है, जहां करोड़ों का दांव लगता है। वह होटल में भी सट्टा करवाता है। राजापुर और बेली के गंगा कछार में जुआ करवाने वाला शख्स कभी अवैध शराब के धंधे में लिप्त था। इसी तरह धूमनगंज में कसारी मसारी, नेहरू पार्क, राजरूपपुर ,शिवकुटी में बड़ी बगिया, कर्नलगंज में बघाड़ा, जार्जटाउन में अल्लापुर रेलवे पटरी के पास, दारागंज में नाव पर, कीडगंज में यमुना बैंक रोड व हंडिया में रेलवे ब्रिज के पास बड़े अड्डे चलने की जानकारी एसटीएफ को मिली है, जिन पर शिकंजा कसने की तैयारी है।



