परीक्षार्थी द्वारा कॉपियों में रख दिये एक-एक हजार के नोट

इलाहाबाद। भर्तियों को लेकर विवादों में घिरे और सीबीआई जांच की तपिश झेल रहे उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सम्मिलित अवर अभियंता (सामान्य चयन) परीक्षा 2013 में एक परीक्षार्थी द्वारा कॉपियों में एक-एक हजार के नोट रखने का मामला सामने आया है. इतना ही नहीं कॉपी में अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज किया था. परीक्षा नोटबंदी से पहले हुई थी और अब तक इसका रिजल्ट नहीं आया है. हालांकि इस मामले में आयोग ने अब कार्रवाई करते हुए परीक्षार्थी को तीन साल के लिए आयोग की परीक्षाओं से डिबार कर दिया है.
बता दें कि लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य अभियंत्रण सेवा के अन्तर्गत सहायक अभियंता और अवर अभियंता के 4147 पदों की भर्ती की जा रही है. इसमें सहायक अभियंता के 925 और अवर अभियंता के 3222 पद हैं. 2013 की इस भर्ती का रिजल्ट लंबे समय से लटका हुआ है. सम्मिलित अवर अभियंता (सामान्य चयन) परीक्षा 2013 के तहत हो रही अवर अभियंता के 3222 पदों की इस भर्ती परीक्षा में इटावा के हविलिया गांव निवासी सुरजीत सिंह पुत्र केशव सिंह भी शामिल हुए.
कॉपियों की जांच के दौरान सुरजीत की कृषि अभियांत्रिकी प्रथम एवं द्वितीय प्रश्नपत्र और हिन्दी विषय की उत्तर पुस्तिकाओं में एक-एक हजार के नोट चिपके मिले. यही नहीं उत्तर पुस्तिकाओं के कई पन्नों पर उसने अपना मोबाइल नंबर भी लिखा था. इसे देखते हुए आयोग ने सुरजीत के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है और उसे 3 साल के लिए आयोग की सभी परीक्षाओं से डिबार कर दिया है.




