कॉलेज के शिक्षकों को मिलेगा पीएचडी इन्क्रीमेंट

(अनुराग शुक्ला) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संबंद्ध कॉलेज के नवनियुक्त शिक्षकों को पीएचडी इन्क्रीमेंट का लाभ मिलेगा। इसमें आने वाली अड़चनें दूर कर ली गई हैं। डीन कॉलेज एंड डेवलपमेंट प्रो. पंकज कुमार ने कमेटी का गठन कर लंबित मामला सुलझा लिया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की गाइडलाइन के अनुसार विश्वविद्यालय अथवा कॉलेजों में नवनियुक्त हुए ऐसे शिक्षकों को मूल वेतन के अलावा एक साथ पांच इन्क्रीमेंट दिया जाता है, जो शिक्षक नियुक्ति के समय पीएचडी पूरी किए रहता है, उसे पांच इन्क्रीमेंट और नियुक्ति के बाद पीएचडी पूरी करता है उसे तीन इन्क्रीमेंट देने का प्रावधान है। प्रो. पंकज कुमार ने बताया कि कुलपति से अनुमोदन मिलने के बाद कॉलेजों को भेज दिया गया है। ज्ञात हो कि इविवि के संघटक कॉलेजों के तमाम शिक्षकों को इसका लाभ नहीं मिल रहा था। ऐसे में आक्टा ने इसकी मांग उठाई। इस पर कार्यवाहक कुलपति रहे प्रो. आरआर तिवारी ने इस मसले को कमेटी के पाले में डाल दिया और कोई फैसला नहीं लिया जा सका। कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव की नियुक्ति के बाद फिर यह मामला उठा था।
प्रो. पंकज बने राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इविवि के राजनीति विज्ञान विभाग के नए अध्यक्ष प्रो. पंकज कुमार नियुक्त किए गए हैं। अब तक यह जिम्मा प्रो. राजपाल बुदानिया के पास था। कुलपति के निर्देश पर इसका आदेश जारी कर दिया गया है।




