Latest

सबसे गंदे रेलवे स्टेशनों में यूपी के चार, कानपुर सेंट्रल सबसे आगे

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे द्वारा गुरुवार को जारी की गई देश के सबसे गंदे 10 रेलवे स्टेशनों में यूपी के चार स्टेशन शामिल हैं. टॉप 10 की सूची में कानपुर सेंट्रल देश का सबसे गंदा स्टेशन है, जबकि पीएम नरेन्द्र मोदी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी चौथे नंबर पर है. लखनऊ का चारबाग इस लिस्ट में 9वें पायदान पर है.

भारतीय रेलवे ने 11 मई से 17 मई के बीच यात्रियों से बातचीत के आधार पर यह सर्वे किया. जिसके बाद इन स्टेशनों को रेटिंग दी गई. इस सूची के मुताबिक, टॉप 10 सबसे गंदे रेलवे स्टेशनों में यूपी का कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन देश का सबसे गंदा रेलवे स्टेशन है. इसके अलावा देश से दस सबसे गंदे रेलवे स्टेशनों में मुंबई के तीन रेलवे स्टेशन शामिल हैं. इसमें मुंबई का कल्याण तीसरा, लोकमान्य तिलक टर्मिनल पांचवा और ठाणे आठवां सबसे गंदा स्टेशन बताया गया.

सर्वे के मुताबिक, कानपुर को सबसे ज्यादा 61.06 फीसदी लोगों ने गंदा स्टेशन बताया. इसके बाद पटना जंक्शन का नंबर था, जिसे 60.16 फीसदी लोगों ने बेहद गंदा बताया. लिस्ट में 56 फीसदी मतों के साथ वाराणसी चौथे नंबर पर रहा. इसके अलावा इलाहाबाद छठा, पुरानी दिल्ली सातवां, लखनऊ नौवां और चंडीगढ को दसवां सबसे गंदा स्टेशन करार दिया गया.

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस सर्वे के पीछे का उद्देश्य लोगों की परेशानी को देखते हुए स्टेशन परिसरों को ज्यादा साफ सुथरा बनाने की है. लिहाजा लोगों से फीडबैक लेकर उन्हें साफ़-सुथरा बनाने की कोशिश तेज की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button