चौकी इंचार्ज ने व्यापारी नेता को मारा थप्पड़, बात बढ़ने पर मांगी माफी

कोतवाल और व्यापारी नेताओं के दखल पर खत्म हुआ विवाद
( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सोमवार को कोतवाली थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े वाहनों को लेकर हुई कहासुनी में चौकी प्रभारी ने एक व्यापारी नेता को थप्पड़ मार दिया। बात बढ़ने पर चौकी प्रभारी ने माफी मांगी जिस पर मामला खत्म हुआ।
दोपहर लगभग दो बजे चौकी प्रभारी घंटाघर राजकुमार द्विवेदी हमराही सिपाहियों के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक बाइक के बारे में उन्होंने व्यापारी नेता मोहम्मद आरिफ से पूछा तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई। इसी बातचीत में चौकी इंचार्ज को इतना गुस्सा आया कि उन्होंने आरिफ को थप्पड़ जड़ दिया। इस बात की जानकारी दूसरे व्यापारी नेताओं को हुई तो प्रयाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय अरोरा व व्यापार मंडल के महामंत्री सुहेल अहमद घंटाघर चौकी पहुंचे। मामले की जानकारी होने पर कोतवाली प्रभारी भी चौकी पहुंचे। कोतवाल और व्यापारी नेताओं ने पूरा मामला सुना। मामले में पुलिस की गलती समझ में आई, जिस पर चौकी प्रभारी ने गलती मानी। दरोगा के गलती मान लेने पर व्यापारी नेताओं ने मामले को वही खत्म कर दिया। व्यापारी नेताओं ने कहा है कि भविष्य में किसी व्यापारी का उत्पीड़न होगा तो बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि सबसे अधिक भीड़ वाले चौक इलाके में वाहन पार्किंग की सुविधा न होने के कारण अक्सर पुलिस और व्यापारियों के बीच विवाद की स्थिति पैदा होती रहती है।



