दुर्घटनाओं को रोकने व शराब माफियाओं पर लगाम को आईजी ने की बैठक

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक कवीन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में परिक्षेत्रीय कार्यालय में सड़क सुरक्षा के संबंध में चिन्हित ब्लैक स्पाटो को दुर्घटनामुक्त क्षेत्र बनाये जाने के लिए सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी और एनएचएआई के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की गई। बैठक में यमुना नदी पर बने नये पुल से आए दिन हो रही आत्महत्याओं को रोकने के लिए पुल के दोनो तरफ फेंसिंग/तार लगाने के लिए तथा परिक्षेत्रीय जनपदों को जोड़ने वाले सभी मार्गो पर बने टोल प्लाजा पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिये गये। इसके बाद परिक्षेत्रीय कार्यालय पर ही
आईजी की अध्यक्षता में रेंज के जिलों के डीआईजी/वरिष्ठ/पुलिस अधीक्षकों/अपर पुलिस अधीक्षक एवं ज्वाइंट कमिश्नर एक्साइज के साथ परिक्षेत्रीय जनपदों के चिन्हित टॉप टेन शराब माफियाओं के विरुद्ध की गई कार्यवाही के सम्बंध में समीक्षा की गयी तथा पूर्व से गठित नारकोटिक्स सर्विलांस सेल के साथ एक्साइज को जोड़कर एक संयुक्त सर्विलांस सेल टीम का गठन किये जाने को निर्देशित किया गया ताकि शराब माफियाओं की सतर्कता के साथ निगरानी की जा सके और उनकी वर्तमान स्थिति के विषय मे जानकारी प्राप्त की जा सके।
बैठक में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों की समीक्षा एवं उनके निस्तारण के सम्बंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गये।



