Breaking : महाराष्ट्र पूर्व मंत्री अनिल देशमुख का वसूली कांड: अपने ही सब-इंस्पेक्टर के ठिकानों पर CBI की छापेमारी; जानिए UP प्रयागराज से जुड़ा पूरा मामला

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री अनिल देशमुख से जुड़े वसूली मामले में अपने ही सब इंस्पेक्टर अभिषेक तिवारी को गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई की टीम ने उसके प्रयागराज स्थित ठिकानों पर छापेमारी की।
अपने ही सब-इंस्पेक्टर के ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार सब इंस्पेक्टर प्रयागराज का रहने वाला है। वह अनिल देशमुख के वकील आनंद डागा से मिलीभगत कर पूर्व मंत्री को क्लीन चिट देने की फाइल तैयार कर रहा था।
सब इंस्पेक्टर पर घूस के रूप में बड़ी धनराशि लेने का सीबीआई को शक है। उल्लेखनीय है कि पूर्व मंत्री अनिल देशमुख के वकील आनंद को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सीबीआई की एक टीम पिछले 24 घंटे से शहर में मौजूद है। हालांकि सीबीआई की छापेमारी के संबंध में स्थानीय पुलिस ने अनभिज्ञता जताई। अधिकारी कुछ भी बोलने से बचते दिखे।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र की उद्धव सरकार में गृह मंत्री रहे अनिल देशमुख पर उनके ही पुलिस अधिकारियों ने सौ करोड़ रुपए प्रतिमाह वसूली करवाने का आरोप लगाया है।
यह हाईप्रोफाइल मामला देश की सर्वोच्च अदालत तक पहुंचा और मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है।
हाल ही में यह खबर चर्चा में आई कि सीबीआई जांच में अनिल देशमुख को क्लीन चिट मिल गई है। इसके बाद मामले ने और भी तूल पकड़ लिया।


