पर्यटकों के लिए हेलीकॉप्टर टैक्सी सेवा

(अनंत पांडेय) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । प्रयागराज समेत प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का पर्यटक हेलीकॉप्टर से यात्रा कर सकेंगे। प्रदेश सरकार प्रयागराज के साथ वाराणसी, आगरा, कुशीनगर, मथुरा के लिए साल के अंत से हेलीकॉप्टर टैक्सी सेवा शुरू करने की तैयारी में है।
हेलीकॉप्टर टैक्सी शुरू होने से पर्यटक एक से दूसरे पर्यटन नगरी कुछ मिनटों में पहुंच सकेंगे। वहां सैर कर हेलीकॉप्टर से जल्द लौट सकेंगे। इससे पर्यटकों का समय बचेगा। हेलीकॉप्टर टैक्सी सेवा सबसे पहले आगरा से शुरू करने की योजना है। बाद में एक-एक कर इसे बाकी पर्यटन नगरी में इसे बढ़ाया जाएगा। विशेषज्ञ एजेंसी हेलीकॉप्टर टैक्सी के संचालन की रूपरेखा व किराया निर्धारित करेगी। प्रदेश का पर्यटन विभाग इसी महीने हेलीकॉप्टर संचालन की योजना तैयार करने के लिए कंसलटेंट की नियुक्ति कर सकता है। निजी कंपनी को हेलीकॉप्टर टैक्सी सेवा शुरू करने की जिम्मेदारी मिलेगी। जानकारों का कहना है कि पर्यटकों के लिए जिन शहरों को हेलीकॉप्टर टैक्सी से जोड़ने की योजना बनी है वे अबतक हवाई सेवा से लिंक नहीं हैं। विदेशी पर्यटक ऐसे स्थलों पर जाना चाहते हैं लेकिन समय अधिक लगने के कारण नहीं जा पाते। हेलीकॉप्टर टैक्सी शुरू होने से पर्यटन स्थल जाने में समय बचेगा। जानकारों के मुताबिक हेलीकॉप्टर टैक्सी का प्रयोग सफल रहा तो इससे विदेशी पर्यटकों का आवागमन बढ़ेगा। प्रयागराज की क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह ने बताया कि हेलीकॉप्टर टैक्सी शुरू करने की घोषणा का पता चला है। इसकी विस्तृत योजना आने का इंतजार हो रहा है।




