देवी मंदिरों में भक्तों की उमड़ी भीड़,घर-घर कलश स्थापना

नवरात्र की मची धूम आस्था के आगे सोशल डिस्टेंसिंग टूटती नजर आई
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार ) । आज घर-घर कलश स्थापना के साथ नवरात्र की धूम मच गई। देवी मंदिरों में गुरुवार सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी। कोविड गाइड लाइन पर आस्था भारी पड़ी। भक्ति में डूबे भक्त मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग भूल गए। घरों में माता का आह्वान कर व्रत का संकल्प लिया गया। अलोपीमंदिर, कल्याणी देवी मंदिर, ललिता देवी मंदिर कालीबड़ी मंदिर सहित कई मंदिर में सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने पहुंचकर मां शैलपुत्री का पूजन अर्चन किया।अलोपी मंदिर में भोर में मंगला आरती के बाद भक्तों के लिए पट खोल दिए। पट खुलते ही जय-जयकार होने लगी। जय माता दी, कल्याणी मैया की जय, मैया शेरावाली की जय,प्रेम से बोलो जय माता दी की गूंज के साथ घंटा घड़ियाल की आवाज से वातावरण पूरी तरह से भक्तिमय हो गया।
मुख्य द्वार से भक्तों को प्रवेश दिया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बेरीकेडिंग लगाई गई। मंदिर में भक्तों ने घी के दीपक जलाएं। मंदिर में कड़ी चौकसी की गई है। सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है। पुजारियों लगातार भक्तों से मास्क लगाने की अपील करते नजर आए। आस्था के आगे सोशल डिस्टेंसिंग टूटती नजर आई।


