‘जय हिंद’ लिखकर युवक ने किया मौत का FB लाइव

आगरा। देश की रक्षा करने का ख्वाब पाले एक युवक ने मंगलवार रात को फांसी पर लटककर आत्महत्या कर ली।न्यू आगरा के त्रिवेणी नगर में रहने वाले युवक ने अपनी आत्महत्या को फेसबुक पर लाइव किया।
इस दौरान उसके कई दोस्तों ने मौत का ये तमाशा देखा, लेकिन किसी ने भी उसे बचाने की कोशिश नहीं की। किसी ने इसे मजाक समझा तो कोई आत्महत्या के इस फेसबुक लाइव पर कमेंट करता रहा। घरवालों को जब तक इसका पता चलता, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। फांसी के फेसबुक लाइव का ये वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बीएससी तक पढ़ाई कर चुका मृतक मुन्ना कुमार को देश-सेवा का शौक था। इसके लिए वो सेना में भर्ती होना चाहता था। मगर भर्ती के लिए तय आयु सीमा पार हो जाने की वजह से मुन्ना तनाव में था।
जिंदगी से हार चुके मुन्ना ने अपनी जिंदगी खत्म करने का खतरनाक फैसला लिया और उसके लिए भी ऐसा रास्ता चुना कि किसी भी रूह कांप जाए। मरने से पहले मुन्ना ने दो पेज का सुसाइड नोट लिखा है। जिसमें उसने अपनी इस हरकत के लिए माता-पिता से माफी मांगी है और सेना में भर्ती नहीं हो पाने की वजह से वो जिस तकलीफ से गुजर रहा था, उसका जिक्र किया है। अपने सुसाइड नोट में मुन्ना ने आखिर में जय हिंद लिखा है।

