Latest

माघ मेले में तीन फीट का घड़ियाल गंगा किनारे टहलता मिला

 

देख कर्मचारियों ने अधिकारियों को खबर दी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। मगरमच्छ और घड़ियाल के नाम से ही लोग घबराते हैं और क्या हो अगर घड़ियाल आपको अपने सामने टहलता दिख जाए। गुरुवार सुबह ऐसा ही हुआ प्रयागराज में माघ मेला क्षेत्र में त्रिवेणी मार्ग पांटून पुल के निकट मेले की तैयारी में जुटे कर्मचारी और वहां से गुजर रहे लोगों ने देखा कि करीब तीन फीट का एक घड़ियाल गंगा किनारे टहल रहा है। यह देख कर्मचारियों ने अधिकारियों को खबर दी। फिर वन विभाग को सूचना दी गई। वन विभाग की टीम पहुंची और घड़ियाल को पकड़कर बोरे में भर लिया। उसे मिंटो पार्क ले जाया गया जहां वन विभाग का कार्यालय है। वहां उसकी मौत हो गई। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि करीब छह महीने का यह घड़ियाल गंगा से भटककर बाहर आ गया। वह गंगा के छिछले पानी के पास ही था। कुछ बीमारी रही होगी तभी वह इस तरह से बाहर आया और फिर पकड़े जाने पर उसकी मौत हो गई। उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है जिससे पता चलेगा कि मौत की वजह क्या रही।

Related Articles

Back to top button