महाशिवरात्रि पर लाखों श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी


प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । माघ मेला के छठे व अन्तिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर मंगलवार को लाखों श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाकर देवाधिदेव महादेव का दर्शन-पूजन किया। सिद्ध योग के साथ ही श्रद्धालुओं ने स्नान कर मेला क्षेत्र में स्थित मनकामेश्वर मंदिर, सोमेश्वर महादेव मंदिर और नागवासुकि मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का दर्शन कर जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, दर्शन-पूजन व सुरक्षित स्नान के लिए व्यापक पुलिस प्रबन्ध रहे। मेला क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर नागरिक पुलिस, यातायात पुलिस, घुड़सवार पुलिस, महिला पुलिसकर्मी, अग्निशमन दल, पीएसी के जवान, एटीएस के कमाण्डो तैनात किए गये थे। संगम में जल पुलिस के साथ मोटर बोट व गोताखोरों को लगाया गया था। ‘स्टीमर’ के माध्यम से संगम क्षेत्र का लगातार निरीक्षण किया गया तथा एसडीआरएफ/फ्लड कम्पनी के जवानों द्वारा घाटों पर सतर्क दृष्टि रखी गयी। ‘सीसीटीवी कैमरे’ व ‘ड्रोन’ के माध्यम से भी नजर रखी गयी। ‘पब्लिक एड्रेस सिस्टम’ के माध्यम से श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया कि सावधानी पूर्वक स्नान करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाएं। स्नानार्थियों को संगम स्नान व दर्शन पूजन में कोई असुविधा न हो इसके दृष्टिगत मेला क्षेत्र में ही छः स्थानों पर तथा मेला क्षेत्र में शिवालयों के निकट ही पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक जोन प्रेम प्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक माघ मेला डा0 राजीव नारायण मिश्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय, मेला अधिकारी अरविन्द कुमार चौहान और नोडल पुलिस अधिकारी सहित पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी मेला क्षेत्र में मौजूद रहे। महाशिवरात्रि स्नान के साथ माघ मेला 2022 पूर्ण हो गया।
*मनकामेश्वर मन्दिर, सोमेश्वर नाथ मन्दिर तथा नागवासुकी मन्दिर*
भक्तों ने भगवान शिव का दर्शन पूजन, जलाभिषेक तथा दान अनुष्ठान कर पुण्य अर्जित किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में महाशिवरात्रि पर्व के दर्शन पूजन को लेकर काफी उत्साह रहा।



