रानी रेवती देवी में वार्षिक परीक्षा फल वितरण एवं प्रतिभा अलंकरण समारोह संपन्न

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज राजापुर, प्रयागराज के प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल वितरण एवं प्रतिभा अलंकरण समारोह का आयोजन आकर्षक एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ l कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती जी की वंदना एवं पुष्पार्चन से हुआ, तत्पश्चात प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडे ने आए हुए अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्रम एवं माल्यार्पण से किया l अतिथियों का परिचय आचार्य विभु श्रीवास्तव ने कराया l परीक्षा प्रमुख आचार्य अवधेश कुमार ने परीक्षा का वृत्त निवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यालय में कुल 2053 छात्र पंजीकृत हुए जिसमें एलकेजी से लेकर अष्टम तथा नवम एवं एकादश के कुल 1194 छात्र-छात्राओं ने वार्षिक परीक्षा दी थी जिनका परीक्षाफल शत प्रतिशत रहा l कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किशन वीर सिंह शाक्य ,सदस्य लोक सेवा आयोग एवं राष्ट्रीय मंत्री विद्या भारती ने अपने उद्बोधन में विद्यालय के छात्र / छात्राओं को बेहतर से बेहतर करने के लिए प्रेरणा दी तथा सभी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को बहुत-बहुत बधाई देते हुए कहा कि आप सब निरंतर प्रगति के पथ पर इसी तरह से अग्रसर होते रहे। आप सभी विद्या मंदिर में शिक्षित होने के लिए आते हैं ना कि साक्षर होने के लिए इसलिए संस्कारित माहौल में शिक्षा प्राप्त करके सेवा के क्षेत्र में भी यह संस्कार मौजूद रहे l कार्यक्रम में सुविख्यात समाजसेवी अजय केसरवानी, विद्यालय के प्रबंधक शिव कुमार पाल तथा अध्यक्ष सुप्रसिद्ध शिक्षाविद डॉक्टर रघुराज सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की l उन्होंने छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए सभी छात्र भैया /बहनों को ढेर सारी शुभकामनाएं प्रदान की l इसी क्रम में प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान लाने वाले छात्र-छात्राओं को सेल्स टैक्स के वरिष्ठ अधिवक्ता के. एन. कुमार ने क्रमशः ₹1000 ₹700 एवं ₹500 की नगद राशि एवं संगीताचार्य मनोज गुप्ता को अंगवस्त्रम एवं ₹1100 का नकद पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया l
विद्यालय एक दृष्टि में” इस विषय को रखते हुए प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडे ने विद्यालय की उपलब्धियों को रखा l संगीताचार्य मनोज गुप्ता एवं रिचा गोस्वामी के निर्देशन में तैयार किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में सर्वप्रथम कक्षा तृतीय ,चतुर्थ, पंचम एवं षष्ठ की छात्राओं ने “तराना” के बोल पर गणेश वंदना से किया ,तत्पश्चात एलकेजी एवं यूकेजी के छात्र-छात्राओं ने “स्कूल चलो” का अभिनय करके सब को भाव विभोर कर दिया, कक्षा अष्टम एवं नवम की आस्था पांडे एवं अनन्या पांडे ने “मेरे ढोलना” गीत की शास्त्रीयता से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत करके सबको मंत्रमुग्ध कर दिया, उसके बाद कक्षा अष्टम के छात्र/ छात्राओं ने नाटक “दधीचि” का भावपूर्ण मंचन किया l कशिश शुक्ला के निर्गुण गीत “जिंदगी एक किराए का घर है” ने जीवन के यथार्थ का प्रकटीकरण किया, इसी क्रम में कशिश पाल ,पल्लवी पांडे ,शुभ्रा पाल, प्रगति गुप्ता एवं कृति सिंह द्वारा प्रस्तुत गीत “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” ने आयोजन की सार्थकता को सिद्ध किया, अंत में विद्यालय के छात्र कार्तिकेय चौहान ने अपने बांसुरी वादन से एवं आकाश ने शिव तांडव से कार्यक्रम में रोचकता प्रदान की जिसकी प्रस्तुति ने अभिभावकों का मन मोह लिया l कक्षा षष्ठ के छात्र उमंग गुप्ता ने अपने तबला वादन तथा विद्यालय के पूर्व छात्र शिवम पांडे ने अपनी ओजपूर्ण कविताओं के माध्यम से कार्यक्रम में रोचकता प्रदान की l इस अवसर पर विद्यालय में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल, सामान्य ज्ञान, प्रश्न मंच एवं चित्रकला के प्रतिभागियों को भी स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया l कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त अध्यापकों एवं अध्यापिकाओ का सहयोग सराहनीय रहा lकार्यक्रम का कुशल संचालन सत्य प्रकाश पांडे एवं दिनेश कुमार शुक्ला ने किया l


