कैबिनेट मंत्री नन्दी ने देवी मंदिरों में टेका मत्था

तीन घंटे में तीन हजार से अधिक लोगों से मिले मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी
कई मामलों का मौके पर ही कराया निस्तारण
( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी दोपहर करीब दो बजे मुट्ठीगंज कार्यालय पहुंच गए, जहां शाम पांच बजे तक वो बैठे रहे। तीन घंटे में तीन हजार से अधिक लोग कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी से मिलने और अपनी शुभकामनाएं देने के लिए पहुंचे। मंत्री नन्दी ने सभी से मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान करीब 100 से अधिक प्रार्थना पत्र मंत्री नन्दी के सामने आए। जिसमें स्कूल में एडमिशन न होने, फीस माफ कराए जाने, जमीन से संबंधित मामले, मारपीट के साथ ही अन्य मामले सामने आए। जिनमें से कई मामलों का मंत्री नन्दी ने तत्काल अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर निस्तारण कराया। वहीं अन्य लंबित मामलों के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
देवी मंदिरों में मत्था टेका
मुट्ठीगंज कार्यालय में कार्यकर्ताओं व लोगों से मिलने के बाद चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने देवी मंदिरों जाकर मत्था टेका। मंत्री नन्दी ने रविवार को मां कल्याणी देवी, ललिता देवी, मां आलोपी देवी मंदिर के साथ ही कालीबाड़ी मंदिर में जाकर लोक कल्याण की कामना के साथ पूजा अर्चना की ।




