2025 के महाकुंभ को अधिक दिव्य बनाएंगे-मुख्यमंत्री

वाराणसी, मिर्जापुर और चित्रकूट में रोप-वे सेवा को यथाशीघ्र प्रारम्भ करने के निर्देश
नगर निगमों में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की आवश्यकता पर जोर
(अनुराग शुक्ला )
लखनऊ (अनुराग दर्शन समाचार )। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अधिकारियों को आगामी 2025 में प्रयागराज में होने वाले महाकुंभ को 2019 के कुंभ की तुलना में अधिक भव्य बनाने का निर्देश दिया। मंगलवार को मंत्रिमंडल के समक्ष नगर विकास विभाग की कार्य योजनाओं के प्रस्तुती करण के दौरान योगी आदित्यनाथ ने विभागीय अधिकारियों को कहा कि प्रयागराज कुंभ-2019 को पूरी दुनिया ने देखा है।उन्होंने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक कलेवर के साथ कुंभ के दौरान वैश्विक स्तर पर स्वच्छता, सुरक्षा व सुव्यवस्था का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया और सबने उसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि अब जबकि महाकुंभ 2025 समीप है, तो लोगों की हमसे अधिक अपेक्षाएं होंगी और इसका ध्यान रखते हुए 2025 के महाकुंभ को दिव्य और भव्य बनाने की तैयारी की जाए।
योगी ने आस्था से जुड़े नगरों
वाराणसी, मिर्जापुर और चित्रकूट में रोप-वे सेवा को यथाशीघ्र प्रारम्भ करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी नगर निगमों में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि 14 नगरों में संचालित ई-बसों के बेड़े को अगले 100 दिनों में दोगुना किया जाए। स्थानीय मांग के अनुसार नए रूट पर भी इस सेवा को शुरू कराएं।




