एक टैक्स और एक पाइप से जलापूर्ति की मांग
संस्था की ओर से मंडलायुक्त को दिया जायेगा ज्ञापन
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । सर्वदलीय पार्षद व पूर्व पार्षद जन कल्याण संस्था ने पानी का एक टैक्स और एक पाइप से जलापूर्ति की मांग की है। संस्था ने कर्नलगंज में दोनों मुद्दों पर बैठक की। संस्था के सदस्यों ने कहा कि शहरवासियों को अलग-अलग राशि में वाटर टैक्स देना पड़ रहा है। इससे कई भवनों में पानी की उपयोगिता कम है लेकिन क्षेत्रफल के आधार पर टैक्स अधिक है। इसी प्रकार शहर के कई मोहल्लों में तीन पाइप लाइनों से जलापूर्ति हो रही है। भवनस्वामियों को हाल ही में बिछाई गई पाइप लाइन से पानी का कनेक्शन जोड़ने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। जबकि नई पाइपलाइन में पानी का प्रेशर कम है। प्रेशर कम होने के कारण सैकड़ों लोगों ने नए पाइप से कनेक्शन कटवाकर पुराने पाइप से जुड़वा लिया। पूर्व पार्षद शिवसेवक सिंह ने बताया कि दोनों प्रकरणों पर संस्था की ओर से मंडलायुक्त को ज्ञापन दिया जाएगा।


