CAA के समर्थन में संत, बोले विरोध करने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई
प्रयागराज। आज अचला सप्तमी महोत्सव में शिरकत करने आये साधु संतों ने नागरिकता संशोधन कानून का समर्थन किया है। साधु संतों ने कहा है कि जो लोग भी नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रहे हैं, उन पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल में डाल देना चाहिए।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेन्द्र गिरी ने नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रहे लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर सीएए के समर्थन में संत बाहर निकल पड़ेंगे तो विरोधियों को यह भारी पड़ेगा।

उन्होंने कहा है कि सीएए के विरोधियों से कहीं ज्यादा तादात में साधु सन्यासी इस कानून के समर्थन में हैं, लेकिन साधु संत अहिंसावादी हैं। महंत नरेन्द्र गिरी ने नागरिकता संशोधन कानून का विरोध और उपद्रव कर रहे हैं लोगों के खिलाफ केन्द्र व प्रदेश सरकार से कड़ी कार्रवाई की भी मांग की है।
उन्होंने कहा है कि सीएए के विरोधियों के खिलाफ हर कार्रवाई का अखाड़ा परिषद पुरजोर समर्थन करेगा। वहीं इस मौके पर शिक्षक विहीन संस्कृत विद्यालयों की स्थिति पर चिन्ता व्यक्त करते हुए महंत नरेन्द्र गिरी ने कहा है कि शिक्षक न होने से कई संस्कृत विद्यालय बंदी के कगार पर पहुंच गए हैं। उन्होंने सीएम योगी से संस्कृत भाषा को बचाने के लिए रिक्त पदों पर संस्कृत के शिक्षकों की नियुक्ति की भी मांग की है।
उन्होंने कहा है कि संस्कृत देववाणी है, इसलिए इसकी उपेक्षा करना उचित नहीं हैं। अचला सप्तमी के मौके पर महंत नरेन्द्र गिरी ने श्री मठ बागम्बरी गद्दी में सस्कृत विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और संस्कृत विद्वानों को सम्मानित भी किया।


