बिजली कर्मचारियों ने मनाया काला दिवस

प्रयागराज। विद्युत अधिनियम 2020 को वापस लेने की मांग को लेकर बिजली कर्मचारियों ने सोमवार को काला दिवस मनाया और बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया।
शाम को प्रदर्शन कर मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपा। लॉकडाउन के दौरान केंद्र सरकार ने विद्युत अधिनियम 2020 का मसौदा लाया है। इसके तहत बिजली विभाग का निजीकरण किया जाएगा। कर्मचारियों ने इसका विरोध किया है।
नेशनल कोआर्डिनेशन कमेटी ऑफ इलेक्ट्रिसिटी इम्प्लाइज एंड इंजीनियर्स (एनसीसीओईई) के आह्वान पर जिले के बिजली कर्मचारियों ने सोमवार को काला दिवस मनाया।
सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए कर्मचारी व इंजीनियरों ने मुख्य अभियंता कार्यालय में प्रदर्शन किया। इसके बाद ज्ञापन सौंपा।
संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक जवाहर लाल विश्वकर्मा ने कहा कि इससे जब पूरा महामारी से जूझ रहा है तो इस बीच केंद्र सरकार विद्युत अधिनियम 2020 लाकर बिजली विभाग को निजीकरण करने जा रही है।
इससे विभाग के कर्मचारियों के साथ किसान और गरीब लोगों को भी काफी नुकसान होगा। उन्हें सस्ती बिजली नहीं मिले। कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रदेश व केंद्र सरकार से इस बिल को वापस लेने की मांग की।



